वलसाड (गुजरात), 22 जुलाई (भाषा) दक्षिण गुजरात के वलसाड में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शहर में बुधवार को सिर्फ 10 घंटे में 243 मिमी बारिश दर्ज की गई जिसके बाद अधिकारियों को प्रभावित 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि हालात को देखते हुए शहर के स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई। साथ ही जिले की 325 से अधिक सड़कें भी बंद कर दी गई हैं।
वलसाड के कलेक्टर नितिन सांगवान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भारी बारिश के कारण वलसाड शहर के कई निचले इलाकों और जिले के गांवों में जलभराव हो गया।
गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने बताया कि वलसाड शहर में बुधवार सुबह छह बजे से शाम चार बजे के बीच 243 मिमी बारिश हुई।
केंद्र ने बताया कि इसी दौरान वलसाड के उमरगाम में 214 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद जिले के पारडी (207 मिमी), नवसारी जिले के खेरगाम (172 मिमी) और सूरत जिले के पलसाना (153 मिमी) में बारिश हुई।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि वलसाड के कपराडा तालुका में पिछले 24 घंटे में 397 मिमी बारिश हुई, इसके बाद जिले के नानापोंधा (280 मिमी) और पारडी (238 मिमी) में बारिश दर्ज की गई।
कलेक्टर सांगवान ने कहा, ‘‘वलसाड शहर के कश्मीर नगर इलाके से, जो औरंगा नदी के किनारे निचले क्षेत्र में बसा एक रिहायशी इलाका है, कम से कम 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।’’ उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं।
वलसाड में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की एक-एक टीम बचाव कार्य में जुटी हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तरी गुजरात में बृहस्पतिवार को भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश