मिजोरम में कोविड-19 के 278 नए मामले
मिजोरम में कोविड-19 के 278 नए मामले
आइजोल, दो जुलाई (भाषा) मिजोरम में कोविड-19 के 278 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 20,770 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि कोलासिब जिले में 73 वर्षीय एक व्यक्ति की बृहस्पतिवार रात संक्रमण से मौत के बाद राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 94 हो गई। नए 278 मामलों में से आइजोल जिले में 167, कोलासिब में 34 और ह्नाह्थिअल में 26 मामले सामने आए। इनमें से 65 ‘आरटीपीसीआर’, 13 ‘ट्रूनैट’ और 200 ‘रैपिड एंटीजन’ जांच में सामने आए।
उन्होंने बताया कि 278 लोगों में से सात ने हाल ही में यात्रा की थी और 271 संक्रमितों के सम्पर्क में लोगों की पहचान के दौरान संक्रमित पाए गए। इनमें से 131 मरीजों में कोविड-19 के लक्षण दिखे थे। नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 6.93 प्रतिशत है।
मिजोरम में अभी 4,131 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है और 16,545 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। अभी तक राज्य में कुल 4.88 लाख से अधिक नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है।
इस बीच, राज्य के टीकाकरण अधिकारी डॉ. एल लालजावमी ने बताया कि राज्य में बृहस्पतिवार तक 5.1 लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीकों की खुराक दी जा चुकी है।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा

Facebook


