झालावाड़ में मादक पदार्थ तस्करों के कब्जे से 30 बीघा सरकारी भूमि मुक्त
झालावाड़ में मादक पदार्थ तस्करों के कब्जे से 30 बीघा सरकारी भूमि मुक्त
जयपुर, तीन अगस्त (भाषा) राजस्थान के झालावाड़ जिले में अधिकारियों ने सोमवार को सरकारी चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपियों से कथित तौर पर जुड़े अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 30 बीघा चारागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अधिकारियों के अनुसार यह भूमि कई वर्षों से अवैध कब्जे में थी।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बुलडोजर की मदद से आरोपियों से जुड़े अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
उन्होंने कहा, ‘मादक पदार्थ की तस्करी से अर्जित संपत्तियों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।’
पुलिस के अनुसार सरकारी भूमि पर यह अवैध कब्जा कथित रूप से मादक पदार्थ तस्कर रामगोपाल उर्फ गोपाल और घांसीलाल ने कर रखा था। प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाकर भूमि को मुक्त करा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामगोपाल के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि उसके पास से पहले 16.7 किलोग्राम डोडा चूरा और करीब 20 लाख रुपये कीमत की 100 ग्राम स्मैक बरामद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि वहीं, घांसीलाल के खिलाफ भी स्मैक तस्करी का मामला दर्ज है।
अमित कुमार ने कहा कि जिले में मादक पदार्थ तस्करों से जुड़ी अवैध संपत्तियों और सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
भाषा बाकोलिया
अमित
अमित

Facebook


