कोच्चि, 25 सितंबर (भाषा) मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘‘ऑपरेशन तूफान’’ के तहत यहां दो अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को 305 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, अलप्पुझा जिले के चेरथला के रहने वाले अफसल (23) और चेंगन्नूर निवासी जसना सुसान जोबी (20) को एर्णाकुलम सेंट्रल थाना क्षेत्र के कलप्पुरक्कल रोड के पास स्थित एक लॉज से गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 198 ग्राम एमडीएमए (एक तरह का मादक पदार्थ) बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार रात लॉज में छापेमारी की और कई पैकेट में पैक एमडीएमए बरामद किया।
अधिकारियों को संदेह है कि ये दोनों मादक पदार्थों की तस्करी गतिविधियों के सिलसिले में कोच्चि में ठहरे हुए थे।
दूसरे मामले में पुलिस ने एर्णाकुलम साउथ रेलवे स्टेशन के पास से कोच्चि निवासी विष्णु बी पाई (34) को गिरफ्तार करके उसके पास से 107 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को रोका और तलाशी के दौरान उसके पास से मादक पदार्थ बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि कोच्चि सिटी पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने और यह जांच शुरू कर दी है कि क्या आरोपी एमडीएमए की इतनी बड़ी मात्रा को वितरित करने के लिए शहर में आए थे।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों को रिमांड प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा रंजन संतोष
संतोष