सीएमआरएल विवाद: केरलम भाजपा प्रमुख ने भुगतान संबंधी आरोपों पर सतीशन से स्पष्टीकरण मांगा

Ads

सीएमआरएल विवाद: केरलम भाजपा प्रमुख ने भुगतान संबंधी आरोपों पर सतीशन से स्पष्टीकरण मांगा

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 11:18 AM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 11:18 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 25 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन से उन आरोपों पर जवाब देने को कहा जिनमें दावा किया गया है कि खनन कंपनी सीएमआरएल से उन्हें कथित तौर पर धन मिला था।

चंद्रशेखर ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि सीएमआरएल की बताई जा रही एक डायरी से यह सवाल उठता है कि क्या सतीशन को भी पैसे मिले थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस सवाल का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हर केरलमवासी को पता चले कि पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी. की आईटी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को बिना कोई सेवा दिए बड़ी रकम का भुगतान किया गया। वीणा की यह कंपनी अब बंद हो चुकी है।

भाजपा नेता ने यह भी सवाल उठाया कि विजयन, उनकी बेटी वीणा और उनके दामाद तथा पूर्व मंत्री पी. ए. मोहम्मद रियास से जुड़े सीएमआरएल-एक्सालॉजिक्स मामले में प्रवर्तन निदेशालय की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस नीत यूडीएफ सरकार प्राथमिकी क्यों दर्ज नहीं कर रही है।

ईडी का आरोप है कि सीएमआरएल ने आईटी परामर्श सेवाएं देने के नाम पर वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक को कुल 2.78 करोड़ रुपये का कथित रूप से फर्जी भुगतान किया।

चंद्रशेखर की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब राज्य सरकार ने ईडी की रिपोर्ट के आधार पर विजयन, वीणा और रियास से जुड़े कथित धनशोधन लेनदेन की प्रारंभिक पुलिस जांच का आदेश दिया है।

भाषा शोभना संतोष

संतोष