गुवाहाटी में 37 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त, एक गिरफ्तार

गुवाहाटी में 37 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त, एक गिरफ्तार

गुवाहाटी में 37 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त, एक गिरफ्तार
Modified Date: June 30, 2026 / 07:44 pm IST
Published Date: June 30, 2026 7:44 pm IST

गुवाहाटी, 30 जून (भाषा) असम पुलिस ने गुवाहाटी में एक संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 54 करोड़ रुपये मूल्य का 37 किलोग्राम से अधिक सोना बरामद किया है। पुलिस बल द्वारा जब्त की गई यह सोने की अब तक की सबसे बड़ी खेप है। इस संबंध में मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, मामले की जांच के दौरान इस तस्करी के तार पश्चिमी एशिया और म्यांमा के साथ-साथ देश के विभिन्न शहरों में फैले घरेलू नेटवर्क से जुड़े होने का खुलासा हुआ है। इस मामले में जांच जारी है।

असम पुलिस के बयान के मुताबिक, शहर के खारघुली इलाके में 29-30 जून को एक छापेमारी कर सोना जब्त किया गया और गिरफ्तारी हुई।

इस अभियान के दौरान 37.064 किलोग्राम वजन की संदिग्ध सोने की छड़ें/टुकड़े जब्त किए गए, जिनकी कीमत 54 करोड़ रुपये से अधिक है।

छापेमारी के दौरान 13 ग्राम चांदी के टुकड़े/दाने, चार मोबाइल फोन, 3,755 रुपये नकद और सोने को छिपाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बैग भी बरामद किए गए।

गुवाहाटी में रह रहे महाराष्ट्र के सांगली निवासी एक व्यक्ति को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास इस खेप के लिए कोई कानूनी दस्तावेज नहीं थे।

जांच के मुताबिक, इसके तार मध्य पूर्व, म्यांमा के साथ-साथ मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और बेंगलुरु से जुड़े हैं।

बयान में कहा गया, ‘हम पूरे गिरोह और इसके द्वारा पूर्व में पहुंचाई गई खेप और वित्तीय लेन-देन का पता लगाने के लिए कड़ियों की जांच कर रहे हैं।’

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में