मेदिनीनगर, 25 नवंबर (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में लूटपाट के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक नाबालिग भी पकड़ा गया है।
छेचानी टोला इलाके में एक महिला के घर पर कथित रूप से बंदूक के बल पर 18 नवंबर को लूटपाट की गई।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) रिष्मा रमेशन ने कहा, ‘‘एक खिलौना पिस्तौल की मदद से अंजाम दिए गए इस अपराध में महिला का किरायेदार भी शामिल था।’’
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि किरायेदार ने एक कुख्यात अपराधी और तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया।
एसपी ने बताया कि आरोपी नाबालिग को किशोर सुधार गृह भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने लूटी गईं सोने की वस्तुओं के अलावा मोबाइल फोन और लूटपाट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।’’
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ गढ़वा और पलामू के विभिन्न थानों में सात मामले लंबित हैं।
भाषा
यासिर दिलीप
दिलीप