नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बृहस्पतिवार को हैदराबाद के एक निजी स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जहां दूसरी कक्षा के हिंदू छात्र को एक शिक्षक ने कथित तौर पर इस्लामी आयत याद करने के लिए कहा था। विहिप ने इस घटना को बच्चों के सुनियोजित रूप से ‘धीरे धीरे किए जा रहे धर्मांतरण’ का मामला बताया।
हैदराबाद के निजी स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र के अभिभावक द्वारा यह आरोप लगाए जाने के बाद विवाद पैदा हो गया कि उनके छह वर्षीय बेटे को गृहकार्य के रूप में एक इस्लामी आयत याद करने के लिए कहा गया था।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि स्कूल किसी विशेष धर्म की शिक्षा थोपने का माध्यम नहीं हो सकते। उन्होंने इस मामले में कथित रूप से दोषी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बंसल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘स्कूल ज्ञान के मंदिर हैं, न कि धार्मिक शिक्षा, कलमा या ऐसे किसी एजेंडे को थोपने के केंद्र। भाग्यनगर (हैदराबाद) में दूसरी कक्षा के एक मासूम छात्र को कलमा सिखाने की घटना बच्चों के संवैधानिक अधिकारों और अभिभावकों के विश्वास पर सीधा हमला है। दोषी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’’
उन्होंने सवाल उठाया, ‘‘कोई शिक्षक और स्कूल प्रबंधन किसी हिंदू छात्र को कलमा और फातिहा पढ़ने का निर्देश कैसे दे सकते हैं?’’
बंसल ने आरोप लगाया कि जब अभिभावक ने यह मुद्दा उठाया तो स्कूल ने उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा, ‘‘छात्र के अभिभावक स्कूल पहुंचे और अधिकारियों से सवाल किया। वे मांग कर रहे हैं कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘यह सुनियोजित रूप से हमारे बच्चों के धीरे-धीरे धर्मांतरण का स्पष्ट मामला है।’’
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा