दिल्ली पुलिस के ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के तहत रोहिणी में 46 गिरफ्तार, 19 देसी कट्टे बरामद

दिल्ली पुलिस के ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के तहत रोहिणी में 46 गिरफ्तार, 19 देसी कट्टे बरामद

दिल्ली पुलिस के ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के तहत रोहिणी में 46 गिरफ्तार, 19 देसी कट्टे बरामद
Modified Date: July 16, 2026 / 05:48 pm IST
Published Date: July 16, 2026 5:48 pm IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली में रोहिणी जिला पुलिस ने अवैध हथियार, संगठित अपराध और लूटपाट व झपटमारी के अपराधों के खिलाफ एक विशेष अभियान के तहत 46 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 19 देसी कट्टे, 26 कारतूस और नौ चाकू बरामद किए हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि इस साल अब तक रोहिणी में पुलिस ने 155 अवैध तमंचे और 287 कारतूस बरामद किए हैं जो दिल्ली पुलिस के सभी जिलों और इकाइयों में सबसे अधिक बरामदगी है।

उन्होंने कहा कि अवैध हथियार रखने, संगठित आपराधिक नेटवर्क और आदतन अपराधियों को लक्षित करते हुए शुरू किए गए ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के तहत 14 और 15 जुलाई को रोहिणी जिले में विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस ने कहा कि अभियान के दौरान शस्त्र अधिनियम के तहत 24 मामले, आबकारी अधिनियम के तहत पांच, स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दो और जुआ अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज किए गए।

पुलिस के अनुसार, 15 टीमें बनाई गई जिनमें कुल 210 कर्मी शामिल थे जिन्होंने जिलेभर में 106 स्थानों पर छापेमारी की।

रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल ने कहा, ‘अभियान के दौरान 101 पार्कों की जांच की गई, 60 वाहनों से काली फिल्में हटाई गईं, लगभग 400 हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया गया, जबकि आठ सक्रिय हिस्ट्रीशीटर और एक भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया गया।’

पुलिस ने कहा कि अभियान के दौरान की गई 46 गिरफ्तारियों के अलावा, 23 लोगों को कानून के निवारक प्रावधानों के तहत पाबंद किया गया और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

शस्त्र अधिनियम के तहत 24 मामलों में 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में कई कथित हिस्ट्रीशीटर और लूट, झपटमारी, सेंधमारी,और शस्त्र अधिनियम के मामलों में संलिप्त अपराधी शामिल हैं।

डीसीपी ने कहा कि चार आदतन लुटेरों और चोरों को भी गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से चार देसी कट्टे और आठ कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में