चालक को कड़ी सजा दी जाए: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी के भाई की मांग
चालक को कड़ी सजा दी जाए: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी के भाई की मांग
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से जान गंवाने वाले 34 वर्षीय पुलिसकर्मी के सोनीपत स्थित घर में मातम पसरा है। हाल में हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नत हुए इस पुलिसकर्मी का उज्ज्वल भविष्य एक पल में खत्म हो गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पीड़ित अमित (34) के भाई ने कहा, ‘वह अपनी ड्यूटी करते हुए सड़क किनारे गति-निगरानी उपकरण लगा रहे थे। एक तेज रफ्तार कार पीछे से आई, उन्हें टक्कर मार दी और वह दूर जाकर गिरे।’
हादसे की खबर उन तक शाम करीब 6.30 बजे पहुंची। अमित को अस्पताल ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका।
अमित के परिवार में उनकी पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता हैं।
उनके चाचा रामेश्वर ने कहा कि परिवार ने एक समर्पित पुलिसकर्मी खो दिया जो अपनी आखिरी सांस तक अपने कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्ध रहा।
उन्होंने कहा, ‘वह ड्यूटी पर थे। वह केवल 34 साल के थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और वाहन जब्त कर लिया है। हम सख्त सजा की मांग करते हैं।’
बल के कई वरिष्ठ अधिकारी और अमित के सहकर्मी अस्पताल पहुंचे और बाद में उन्हें श्रद्धांजलि दी।
एक हेड कांस्टेबल ने अमित को मेहनती और विनम्र कर्मी के रूप में याद किया।
बल के सदस्य ने कहा, ‘हेड कांस्टेबल बनने के बाद वह बेहद खुश थे। उन्होंने ईमानदारी से काम किया और जिम्मेदारी लेने में कभी संकोच नहीं किया। हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे।’
एक अन्य सहकर्मी ने अमित को साधारण पृष्ठभूमि का व्यक्ति बताया, जिसने अपने सौम्य स्वभाव से सभी का सम्मान अर्जित किया।
पुलिस ने ‘हिट एंड रन’ मामले में कुलदीप उर्फ करण और नीरज को गिरफ्तार किया है और इस बाबत अलीपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। उनकी कार को भी जब्त कर लिया गया है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


