नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने संगठित अपराध गिरोह और उनके सहायता नेटवर्क को निशाना बनाकर चलाए गए 48 घंटे के अभियान के दौरान 482 संदिग्ध गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि इनमें पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नौ गुर्गे भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ‘गैंग बस्ट 2.0’ नामक यह अभियान पांच मई सुबह 8 बजे से सात मई सुबह 8 बजे तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में जिला पुलिस इकाइयों और विशेष प्रकोष्ठ द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठित आपराधिक गिरोह को खत्म करना और पाकिस्तान की आईएसआई से जुड़े संदिग्ध आतंकी-अपराध गठजोड़ को छिन्न-भिन्न करना था।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) प्रमोद सिंह कुशवाहा ने एक बयान में कहा, ‘पहले के ‘गैंग बस्ट 1.0′ अभियान के दौरान अपनाई गई रणनीतियों को और अधिक बेहतर किया गया था। संगठित अपराध-आतंक/राष्ट्रविरोधी गठजोड़ का संज्ञान लेकर इस प्रयास में एक नया आयाम जोड़ा गया।’
पुलिस ने कहा कि विशेष प्रकोष्ठ ने शहजाद भट्टी गिरोह के नौ संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जांचकर्ताओं का दावा है कि यह गिरोह राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से जमीनी स्तर पर काम करने वाले अपराधी की भर्ती करने में शामिल था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरोहा के शोएब खान और रवि कश्यप, मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के अनमोल राय, जम्मू-कश्मीर के राजौरी के इम्तियाज खान, उत्तर प्रदेश के रामपुर के रिजवान खान, पंजाब के फिरोजपुर के जसबीर सिंह, पंजाब के मोगा के जसकरण सिंह, पंजाब के अमृतसर के सतारा सिंह और गुजरात के बनासकांठा के मनोज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों को उत्तर भारत और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी करने का काम सौंपा गया था। इनमें से कुछ कथित तौर पर शहजाद भट्टी गिरोह के लिए हथियारों की तस्करी में शामिल थे।
पुलिस ने अभियान के दौरान 44 लोगों को एहतियातन हिरासत में भी लिया।
कुशवाहा ने कहा, ‘पारंपरिक संगठित अपराध के मोर्चे पर, दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टरों, शूटरों, वित्त पोषकों , सिम कार्ड आपूर्तिकर्ताओं, हथियार आपूर्तिकर्ताओं, वाहन प्रदाताओं, आश्रय देने वालों और आपराधिक गिरोह के सोशल मीडिया संचालकों से जुड़े 1,014 ठिकानों पर छापेमारी की।’
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान 141 पिस्तौल, 212 कारतूस, 79 चाकू, 24 वाहन, 19 लाख रुपये नकद, 31 मोबाइल फोन, 19 किलोग्राम नशीले पदार्थ और शराब की 1,234 छोटी बोतलें जब्त की गईं।
पुलिस ने कहा कि इस अभियान में दिल्ली और उसके आसपास सक्रिय कई प्रमुख गिरोहों को निशाना बनाया गया। शहजाद भट्टी गिरोह के अलावा, कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह के सात सदस्यों, संदीप काला जठेड़ी और सद्दाम गौरी गिरोह के चार-चार सदस्यों और हाशिम बाबा, टिल्लू और कौशल चौधरी गिरोह से जुड़े तीन-तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने नवीन बाली-नीरज बवाना गिरोह से जुड़े दो सदस्यों और जितेंद्र मान उर्फ गोगी, अर्श डला, छेनू और नासिर गिरोह से जुड़े एक-एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान अन्य गिरोहों से जुड़े कुल 443 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।
भाषा नोमान माधव
माधव