दिल्ली की लक्ष्मी योजना के तहत सात दिनों में 5.14 लाख पंजीकरण हुए: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Ads

दिल्ली की लक्ष्मी योजना के तहत सात दिनों में 5.14 लाख पंजीकरण हुए: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 09:31 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 09:31 PM IST

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को बताया कि दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू होने के सात दिनों के भीतर इसके तहत 5.14 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं, जबकि अब तक 2.18 लाख से अधिक आवेदन अंतिम रूप से जमा किए जा चुके हैं।

दिल्ली सरकार के अनुसार, एक अगस्त को शुरू की गई इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

गुप्ता ने योजना के प्रति मिली प्रतिक्रिया को अभूतपूर्व बताया। उन्होंने कहा कि पंजीकरण की संख्या इस योजना के प्रति महिलाओं के भरोसे को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करना और बचत को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, शनिवार दोपहर तक 5,14,460 महिलाओं ने इस योजना के तहत पंजीकरण कराया था, जबकि 2,18,728 आवेदन अंतिम रूप से जमा किए जा चुके थे।

बयान में कहा गया कि कुल पंजीकरण कराने वालों में से 4,36,316 लाभार्थियों ने अपने जिले या विधानसभा क्षेत्र की जानकारी दर्ज कर दी थी, जबकि 78,144 लाभार्थियों ने अभी तक ये विवरण उपलब्ध नहीं कराए थे।

सरकार ने बताया कि उत्तर-पूर्वी जिले में सबसे अधिक 73,676 पंजीकरण दर्ज किए गए। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी जिले में 55,700 और पश्चिमी जिले में 44,358 पंजीकरण हुए। वहीं, नयी दिल्ली जिले में सबसे कम 5,573 पंजीकरण दर्ज किए गए।

सरकार ने बताया कि आवेदनों का सत्यापन जारी है और पात्र लाभार्थियों को पहली किस्त रक्षाबंधन के अवसर पर जारी करने का लक्ष्य है।

भाषा तान्या माधव

माधव