मदुरांतकम, धारापुरम उपचुनाव के लिए 60 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया

मदुरांतकम, धारापुरम उपचुनाव के लिए 60 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया

मदुरांतकम, धारापुरम उपचुनाव के लिए 60 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
Modified Date: September 16, 2026 / 10:30 pm IST
Published Date: September 16, 2026 10:30 pm IST

चेन्नई, 16 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु में मदुरांतकम और धारापुरम आरक्षित विधानसभा सीट के लिए छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। राज्य में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) और विपक्षी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) समेत कुल 60 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

राज्य में होने वाले इन उपचुनावों में वाम दलों द्वारा दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे जाने के बाद बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मदुरांतकम में कुल 40 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है, जिनमें 28 पुरुष और 12 महिलाएं हैं। वहीं, धारापुरम में 20 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं, जिनमें 10 पुरुष और 10 महिलाएं हैं।

हालांकि, निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच बृहस्पतिवार से शुरू होगी और इसके बाद ही चुनाव मैदान में रहने वाले उम्मीदवारों की अंतिम संख्या स्पष्ट होगी।

यह राज्य में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के बाद पहला चुनावी मुकाबला होगा जिसमें सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने सहयोगी दलों के समर्थन से पहली बार सरकार बनाई थी।

टीवीके संस्थापक एवं मुख्यमंत्री विजय ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के पूर्व विधायकों के. मरागाथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा को क्रमश: मदुरांतकम और धारापुरम से उम्मीदवार बनाया है।

कुमारवेल और सत्यबामा दोनों ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में क्रमश: इन्हीं क्षेत्रों से अन्नाद्रमुक उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ टीवीके का दामन थाम लिया।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने मदुरांतकम से आई. पारंथमन और धारापुरम से एस. सुगन्या को उम्मीदवार बनाया है। अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने दोनों सीट पर पहले ही महिला उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए थे। उसने पूर्व विधायक कनिथा संपत को मदुरांतकम से और धारापुरम से के. भानुमति को मैदान में उतारा है।

माकपा और भाकपा ने पारंपरिक चुनावी गठबंधनों से अलग हटकर स्वतंत्र वाम मोर्चे के तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इस तरह वे द्रमुक और टीवीके, दोनों के खिलाफ सीधे मुकाबले में हैं।

भाषा अमित शफीक

शफीक


लेखक के बारे में