हिमाचल प्रदेश में 64 सड़कें बंद, अगले चार दिनों तक भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी

हिमाचल प्रदेश में 64 सड़कें बंद, अगले चार दिनों तक भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी

हिमाचल प्रदेश में 64 सड़कें बंद, अगले चार दिनों तक भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी
Modified Date: August 30, 2026 / 12:38 pm IST
Published Date: August 30, 2026 12:38 pm IST

शिमला, 30 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के बीच रविवार सुबह तक राज्य में कुल 64 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहीं। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक भारी बारिश होने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

राज्य में बारिश के कारण 225 बिजली ट्रांसफॉर्मर और नौ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, मंडी में सबसे अधिक 24 सड़कें, कुल्लू में 16, कांगड़ा और सिरमौर में सात-सात, ऊना में चार, शिमला में तीन, चंबा में दो और लाहौल-स्पीति जिले में एक सड़क बंद है।

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 31 अगस्त से तीन सितंबर (सोमवार से बृहस्पतिवार) तक हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।

शनिवार शाम से राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है।

धौलाकुआं में 38.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद घाघस में 30 मिमी, पालमपुर में 23.8 मिमी, मुरारी देवी में 22 मिमी, काहू में 11.6 मिमी और पंडोह में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि सुंदरनगर और मुरारी देवी में गरज के साथ बारिश हुई और आकाशीय बिजली चमकी।

अधिकारियों के अनुसार, 30 जून को मानसून के आगमन से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में करीब 103 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि राज्य को 1,184 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

भाषा गोला वैभव

वैभव


लेखक के बारे में