जम्मू, 14 फरवरी (भाषा) जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शनिवार को सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 40 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 6.5 किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए सामग्री गिराए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 165वीं बटालियन और बसपुर क्षेत्र के नयी बस्ती करोताना गांव की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान यह खेप बरामद की गई।
एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस को इन संदिग्ध ड्रोन के बारे में 13 और 14 फरवरी की दरमियानी रात को जानकारी मिली थी।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास के खेत में हेरोइन से भरे पीले रंग के दो पैकट बरामद किए गए, जिनमें 6.582 किलोग्राम हेरोइन थी। उन्होंने इस जब्ती को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान में एक ‘बड़ी उपलब्धि’ करार दिया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद किए गए नशीले पदार्थों के स्रोत तथा उन्हें कहां ले जाया जाना था इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रहने वाले लोगों से अपने इलाकों में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों से संबंधित किसी भी जानकारी को बताने के लिए आग्रह किया।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जनता के निरंतर सहयोग से नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।’
यह बरामदगी कठुआ जिले के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी करने के आरोप में दो लोगों की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है।
पंजाब के पठानकोट निवासी जतिन और कठुआ निवासी दानिश डोगरा उर्फ साजन को नगरी के पास ड्रोन से गिराई गई 150 ग्राम हेरोइन की बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपी वीओआईपी (वॉइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) कॉल के जरिए पाकिस्तान में मौजूद एक तस्कर के संपर्क में थे।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना