देश में कोविड-19 के 7,350 नए मामले, 202 लोगों की मौत

देश में कोविड-19 के 7,350 नए मामले, 202 लोगों की मौत

देश में कोविड-19 के 7,350 नए मामले, 202 लोगों की मौत
Modified Date: November 29, 2022 / 09:00 pm IST
Published Date: December 13, 2021 10:29 am IST

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर (भाषा) देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 7,350 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,46,97,860 हो गई तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 91,456 हो गई जो 561 दिनों में सबसे कम है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 202 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,75,636 हो गई। देश में लगातार 46 दिन से संक्रमण के दैनिक मामलों की संख्या 15,000 से नीचे है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 91,456 हो गई, जो कि कुल मामलों का 0.26 फीसदी है और यह मार्च, 2020 के बाद से सबसे कम है। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर मरीजों के स्वस्थ होने की दर 98.37 फीसदी है और यह मार्च, 2020 के बाद से सबसे ज्यादा है।

पिछले 24 घंटों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 825 की कमी हुई है। दैनिक संक्रमण दर 0.86 फीसदी है। यह पिछले 70 दिनों से दो फीसदी से नीचे है। मंत्रालय के अनुसार, साप्ताहिक संक्रमण दर 0.69 फीसदी है जो कि पिछले 29 दिनों से एक फीसदी से नीचे है।

देश में अब तक 3,41,30,768 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और मृत्यु दर 1.37 फीसदी है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 133.17 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है।

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

भाषा स्नेहा प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में