दक्षिणी दिल्ली से 900 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त

Ads

दक्षिणी दिल्ली से 900 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त

  •  
  • Publish Date - February 21, 2024 / 08:29 PM IST,
    Updated On - February 21, 2024 / 08:29 PM IST

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) दक्षिणी दिल्ली में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्थानों से लगभग 900 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक जब्त किए गए मेफेड्रोन की कीमत दो हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

यह जब्ती मंगलवार को कोटला मुबारकपुर और हौज खास में पुणे और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों द्वारा की गई संयुक्त छापेमारी के बाद की गई।

दिल्ली में मादक पदार्थ की इस बड़ी खेप की बरामदगी पुणे पुलिस की सूचना पर आधारित है। पुणे पुलिस स्वापक औषधि एवं मनप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मेफेड्रोन एक प्रकार का कृत्रिम उत्तेजक पदार्थ है, जो अक्सर अपने प्रभावों के लिए ‘रेव पार्टी’ में इस्तेमाल किया जाता है। इसे ‘म्यांऊ म्यांऊ’ के नाम से भी जाना जाता है।

अधिकारियों ने कहा कि पिछले दो दिनों में पुणे और राष्ट्रीय राजधानी में छापे मारे गए हैं और दोनों शहरों से कुल 1,100 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया गया, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2,500 करोड़ रुपये है।

भाषा रवि कांत पवनेश

पवनेश