उम्मीद है राष्ट्रमंडल खेलों में सभी महिला मुक्केबाज पदक जीतेंगी: मोहम्मद अली कमर

Ads

उम्मीद है राष्ट्रमंडल खेलों में सभी महिला मुक्केबाज पदक जीतेंगी: मोहम्मद अली कमर

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 11:26 AM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 11:26 AM IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) भारतीय मुक्केबाजी के दिग्गज और पूर्व कोच मोहम्मद अली कमर का मानना ​​है कि देश ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ महिला टीम उतारी है और इसकी सभी सातों सदस्य पदक जीतने में सक्षम हैं।

भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 14 सदस्यीय मुक्केबाजी टीम का चयन किया है, जिसमें सात पुरुष और सात महिलाएं शामिल हैं। मुक्केबाजी प्रतियोगिता शुक्रवार से शुरू होगी।

तोक्यो ओलंपिक सहित लगभग छह वर्ष तक भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच रहे कमर में पीटीआई से कहा, ‘‘राष्ट्रमंडल खेलों में हमारे मुक्केबाजों ने हमेशा पदक जीते हैं। अभी जिन मुक्केबाजों का चयन किया गया है वे बहुत अनुभवी हैं। उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत राष्ट्रमंडल खेलों में अच्छा प्रदर्शन करेगा।’’

मैनचेस्टर में 2002 में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले कमर ने कहा, ‘‘तोक्यो ओलंपिक के लिए मैंने जिन मुक्केबाजों को तैयार किया था, उनमें से कई राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रही हैं, जैसे जैस्मीन (लैम्बोरिया, 57 किलो) और लवलीना (बोर्गोहेन, 75 किलो)। हमने अरुंधति चौधरी (70 किलो) को स्पैरिंग पार्टनर (अभ्यास की साथी) के रूप में रखा था। प्रिया (60 किलो) युवा वर्ग से सीनियर वर्ग में आई हैं। वह अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। इसलिए मुझे सभी सातों महिला मुक्केबाजों से पदक की उम्मीद है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लवलीना अच्छा प्रदर्शन करेगी। अरुंधति, साक्षी, परवीन (65 किलो), जैस्मीन, प्रीति (पवार, 54 किलो), प्रिया। ये सभी अच्छी मुक्केबाज हैं। मुझे उम्मीद है कि वे अच्छा प्रदर्शन करेंगी और जीतने में सफल रहेंगी।’’

भाषा

पंत

पंत