ओडिशा में जन शिकायत निवारण बैठकों में मिली 96 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया गया: मुख्यमंत्री
ओडिशा में जन शिकायत निवारण बैठकों में मिली 96 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया गया: मुख्यमंत्री
भुवनेश्वर, 27 जुलाई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को कहा कि उनके पिछले 18 जन शिकायत निवारण सत्रों में लोगों से मिली 96 प्रतिशत शिकायतों का समाधान कर दिया गया।
उन्होंने आज आयोजित 19वें सत्र में विभिन्न गंभीर बीमारियों से पीड़ित 12 मरीजों के इलाज के लिए 6.15 लाख रुपये की सहायता मंजूर की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले के 18 सत्रों में लोगों की 96 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।”
उन्होंने कहा, “कुल 14,941 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 14,331 मामलों का निपटारा कर दिया गया है।”
माझी ने कहा कि इसके साथ ही जिला स्तर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक नियमित रूप से लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं, जबकि तहसील व ब्लॉक स्तर पर भी इसी तरह के सत्र लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “जून के अंत तक जिला स्तर पर 2,59,213 शिकायतों की सुनवाई की गई और 89 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। इसके कारण आम लोगों को अब पहले की तरह परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। प्रशासनिक व्यवस्था में आए इस बदलाव का आम लोगों पर बड़ा प्रभाव पड़ा है और सरकार के प्रति उनका भरोसा बढ़ा है।”
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य से लेकर जिला स्तर तक हर शिकायत की स्थिति की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, सोमवार को मुख्यमंत्री ने अपनी परंपरा के अनुसार जन शिकायत सुनवाई सत्र की शुरुआत दिव्यांग और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों से मुलाकात करके की।
माझी ने उनकी शिकायतों के पत्र स्वीकार किए और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न गंभीर बीमारियों से पीड़ित 12 लोगों की 6.15 लाख रुपये की चिकित्सा सहायता मंजूर की।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


