उत्तर पूर्वी दिल्ली में बिरयानी के जायके को लेकर दो नाबालिगों ने 25 वर्षीय युवक के चाकू घोंपा

उत्तर पूर्वी दिल्ली में बिरयानी के जायके को लेकर दो नाबालिगों ने 25 वर्षीय युवक के चाकू घोंपा

उत्तर पूर्वी दिल्ली में बिरयानी के जायके को लेकर दो नाबालिगों ने 25 वर्षीय युवक के चाकू घोंपा
Modified Date: August 24, 2026 / 07:01 pm IST
Published Date: August 24, 2026 7:01 pm IST

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने वेलकम इलाके में बिरयानी के जायके को लेकर 25 वर्षीय व्यक्ति को चाकू घोंपकर घायल करने के आरोप में 14 और 15 साल के दो लड़कों को पकड़ा है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह वारदात 21 अगस्त को कबूतर मार्केट के एक होटल में हुई जहां आरोपियों का चिकन बिरयानी के जायके को लेकर होटल कर्मियों से झगड़ा हुआ।

जांच से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक, दोनों ने पहले दो प्लेट चिकन बिरयानी का ऑर्डर दिया और खाना पूरा खाया। जब होटल कर्मचारी एहसान ने उनसे भोजन के लिए भुगतान करने को कहा, तो उन्होंने कथित तौर पर बहस शुरू कर दी और दावा किया कि बिरयानी में कोई स्वाद नहीं था और इसमें नमक ज्यादा था।

अधिकारी ने कहा कि एहसान ने शुरू में स्थिति को संभालने और दोनों ग्राहकों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन वे उसके साथ बहस करते रहे। टकराव जल्द ही हिंसक हो गया जब नाबालिगों में से एक ने सब्जी काटने वाला चाकू निकाला और कर्मी पर कथित तौर पर वार किया और दोनों मौके से भाग गए।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई की और अंततः दोनों संदिग्धों का पता लगाया और उन्हें पकड़ लिया।

अधिकारी ने बताया कि सत्यापन के दौरान, वे 14 और 15 साल की उम्र के किशोर पाए गए और पूछताछ के दौरान, दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

इस बाबत वेलकम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में