पश्चिम बंगाल की मंत्री ने फुटपाथ से महिला को हटाने के अपने वायरल वीडियो पर दी सफाई
पश्चिम बंगाल की मंत्री ने फुटपाथ से महिला को हटाने के अपने वायरल वीडियो पर दी सफाई
कोलकाता, 24 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने सोमवार को कहा कि उन्होंने फुटपाथ पर बच्चे के लिए दूध गर्म कर रही एक महिला को वहां से हटने के लिए इसलिए कहा था, क्योंकि इससे व्यस्त सड़क पर खतरा पैदा होने की आशंका थी।
इस घटना के वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने उनकी आलोचना की थी।
शहरी विकास और नगर मामलों की मंत्री पॉल ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि किसी भी बच्चे का दूध छीना नहीं गया और उन्होंने केवल उन्हें ‘‘वहां से हटने’’ के लिए कहा था।
पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में पॉल उस महिला से फुटपाथ खाली करने के लिए कहती दिखाई दी थीं।
महिला ने बताया था कि वह अपने पोते के लिए दूध गर्म कर रही थी।
पॉल ने सोमवार को कहा, ‘‘किसी बच्चे का दूध नहीं छीना गया। मैंने केवल उन्हें वहां से हटने के लिए कहा था। बच्चा व्यस्त सड़क पर रेंग रहा था। यह केवल उस जगह तक सीमित नहीं है, कोलकाता के कई हिस्सों में ऐसे दृश्य देखने को मिलते हैं। किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?’’
पॉल ने यह भी कहा कि वह फुटपाथ पर मिट्टी के तेल वाले चूल्हे के इस्तेमाल को लेकर चिंतित थीं।
विपक्षी दलों ने पॉल की आलोचना करते हुए कहा था कि फुटपाथ पर रहने वाली महिला से उनकी बातचीत और उसे वहां से हटने का निर्देश अमानवीय था।
पॉल ने कहा, ‘‘मैंने विपक्ष की बहुत सारी टिप्पणियां सुनी हैं। लेकिन कोई भी उस परिवार के पास एक कटोरा दूध लेकर नहीं गया। सभी राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।’’
हालांकि, मंत्री ने माना कि वह स्थिति को अलग तरीके से संभाल सकती थीं।
पॉल ने कहा, ‘‘हो सकता है कि मैंने ऊंची आवाज में बात की हो। शायद मुझे थोड़ी नरमी से बात करनी चाहिए थी और मामले को बेहतर तरीके से समझाना चाहिए था।’’
उन्होंने कहा कि लोगों की आर्थिक स्थिति चाहे जो भी हो, फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए खुले रहने चाहिए।
भाजपा विधायक पॉल ने कहा, ‘‘फुटपाथ न अमीरों के हैं और न गरीबों के। फुटपाथ लोगों के लिए हैं।’’
पॉल ने कहा कि राज्य सरकार अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और फुटपाथ के अनधिकृत इस्तेमाल के खिलाफ अभियान जारी रखेगी।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


