कोलकाता के सरकारी अस्पताल में पेड़ की शाख गिरने से एक महिला की मौत, दो घायल
कोलकाता के सरकारी अस्पताल में पेड़ की शाख गिरने से एक महिला की मौत, दो घायल
कोलकाता, 24 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के कोलकाता में सरकारी एसएसकेएम अस्पताल परिसर में सोमवार को पेड़ की एक डाल गिरने से एक महिला की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मृत महिला की पहचान रहीदा बीबी के रूप में हुई है। वह अस्पताल में भर्ती एक रिश्तेदार की देखभाल के लिए बीरभूम के नलहाटी से आई थीं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग के बाहर हुई। उस समय कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से रुक-रुककर बारिश और तेज हवाएं चल रही थीं।
उन्होंने कहा, “रहीदा कई अन्य मरीजों के तीमारदारों के साथ यूरोलॉजी विभाग के बाहर एक कंक्रीट की बेंच पर बैठी थीं, तभी अचानक पेड़ की डाल उन पर गिर गई। उन्हें ट्रॉमा केयर यूनिट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
उन्होंने बताया कि घटना में जिलार रहमान (68) और शिश मोहम्मद शेख (76) भी घायल हुए हैं और दोनों का अस्पताल की ट्रॉमा केयर यूनिट में इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि शेख किडनी की बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल आए थे और सर्जरी की तारीख लेने के लिए वह सुबह करीब तीन बजे से वहां इंतजार कर रहे थे।
अधिकारी ने कहा, “वह कंक्रीट की बेंच पर लेटे हुए थे, तभी पेड़ की डाल उनके पैर पर गिर गई, जिससे उनके पैर की हड्डी टूटने की आशंका है।”
कोलकाता पुलिस के अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
अस्पताल के अधिकारी के अनुसार, एक अन्य घटना में एसएसकेएम अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के पास पेड़ गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


