कांग्रेस नेता चोडणकर के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज

Ads

कांग्रेस नेता चोडणकर के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 09:07 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 09:07 PM IST

पणजी, तीन मई (भाषा) गोवा कांग्रेस नेता गिरीश चोडणकर ने रविवार को कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के संबंध में पुलिस ने उनसे तीन घंटे पूछताछ की।

चोडणकर ने पत्रकारों से कहा कि उनके जिस सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया था, वह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ था, हिंदुओं के खिलाफ नहीं।

मांडवी नदी में समुद्री कैसीनो द्वारा फैलाये गए प्रदूषण की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए एक आरती का हवाला देने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

हिंदू एकता समिति के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने राज्य पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और चोडणकर पर दुर्गा आरती को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया, जिसके बाद चोडणकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

चोडणकर ने कहा, ‘‘मैं स्वयं हिंदू होते हुए हिंदुओं की भावनाओं को कैसे ठेस पहुंचा सकता हूं? मुझसे तीन घंटे से अधिक समय तक तरह-तरह के सवाल पूछे गए। उनके पास 150 सवालों की एक सूची थी, जो उन्होंने मुझसे पूछा। मैंने उन्हें संबंधित वीडियो दिखाया और बताया कि यह भाजपा के खिलाफ है, किसी धर्म के खिलाफ नहीं।’’

प्राथमिकी के संबंध में नोटिस जारी होने के बाद कांग्रेस नेता शाम करीब 4 बजे मापुसा पुलिस थाने पहुंचे।

चोडणकर ने दावा किया कि उन पर राजनीतिक दबाव बनाने के लिए मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, चोडणकर, आदिवासी नेता गोविंद शिरोडकर और सामाजिक कार्यकर्ता वारेन अलेमाओ के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप