प्रयागराज (उप्र), आठ अप्रैल (भाषा) प्रयागराज में खुल्दाबाद थानाक्षेत्र के रोशन बाग में ‘फूड कोर्ट’ में नवाबी जायका रेस्तरां में कथित तौर पर गोमांस से बनी बिरयानी परोसने को लेकर चार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता लाल मणि तिवारी की तहरीर पर खुल्दाबाद थाने में सोमवार को मोहम्मद जैद, मिज्जन, अयान और समसुल लका के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 352, 351(3) और उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, 1955 की धाराओं 5 और 8 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
तिवारी का आरोप है कि रोशन बाग स्थित फूड कोर्ट की दूसरी मंजिल पर नवाबी जायका नाम के रेस्तरां में गोमांस से बनी बिरयानी बेचे जाने की सूचना उन्हें कई दिनों से मिल रही थी। उनके कार्यकर्ताओं ने जब वहां जाकर इसकी पुष्टि की तो यह सूचना सही पाई गई।
तहरीर के मुताबिक, तिवारी ने जब स्वयं जाकर दुकानदार से गोमांस बेचने का कारण पूछा तो दुकानदार ने कथित तौर पर उन्हें भद्दी गालियां और जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद तिवारी ने खुल्दाबाद थाने को इस घटना की सूचना दी।
डीसीपी (नगर) मनीष शांडिल्य ने बताया कि सभी चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके कब्जे से बरामद मांस, गोमांस है या किसी अन्य पशु का मांस है इसकी पुष्टि के लिए उसे लैब भेज दिया गया है।
भाषा राजेंद्र राजकुमार
राजकुमार