कोलकाता के तंगरा के तृणमूल कार्यालय से बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड बरामद

Ads

कोलकाता के तंगरा के तृणमूल कार्यालय से बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड बरामद

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 07:20 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 07:20 PM IST

कोलकाता, 28 मई (भाषा) कोलकाता के तंगरा इलाके में बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय कार्यालय से कथित तौर पर बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड और राशन कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 57 के तंगरा सेकेंड लेन में स्थित पार्टी कार्यालय में एक अलमारी से लगभग 300 पहचान पत्र बरामद किए गए।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने से रोकने के लिए जानबूझकर कार्यालय में कार्ड रखे गए थे।

भाजपा के एक सदस्य ने आरोप लगाया, ‘अब सब कुछ खुलकर सामने आ रहा है। आरोप है कि ये कार्ड इसलिए रोके गए थे ताकि लोग अपना वोट न डाल सकें।’

स्थानीय निवासी सौमेन विक्की दास ने दावा किया कि चुनाव से पहले उनका आधार कार्ड गायब हो गया था जो उन्हें पार्टी कार्यालय में बरामद दस्तावेजों के बीच मिला।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘चुनाव से पहले मेरा आधार कार्ड गायब हो गया था। मैं यहां आया और जब्त किए गए दस्तावेजों में वह मिला।’

तृणमूल ने आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

पुलिस ने कहा कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन जांच की जा रही है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश