उत्तराखंड के कुछ जिलों में शुक्रवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Ads

उत्तराखंड के कुछ जिलों में शुक्रवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 09:24 PM IST

देहरादून, 28 मई (भाषा) मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तराखंड में अधिकतर स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने तथा 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली सहित सात जिलों के लिए ऑरेंट अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने एवं वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है।

इस दौरान उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग तथा चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना जतायी गयी है ।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने तथा एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा आकाशीय बिजली एवं तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों एवं कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी है ।

मौसम के मिजाज में संभावित तब्दीली को देखते हुए राज्य में अगले एक-दो दिन में अधिकतम तापमान में दो-चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना व्यक्त की गयी है ।

बृहस्पतिवार को देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो समान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।

भाषा दीप्ति शोभना

शोभना