डोडा में पुलिस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, एसआईटी गठित

Ads

डोडा में पुलिस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, एसआईटी गठित

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 10:24 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 10:24 PM IST

भदेरवाह/जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में अधिकारियों ने कथित पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की हाल में हुई मौत की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, पुलिस ने इस घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी गठन किया है।

चीका गांव के रहने वाले आरिफ हुसैन की मौत तब हो गई, जब 16 जुलाई को भदेरवाह के जाई इलाके में हाथापाई के दौरान उन्होंने कथित तौर पर विशेष अभियान समूह (एसओजी) के एक सदस्य की सरकारी राइफल छीनने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इस घटना में एसओजी के तीन जवान भी घायल हुए हैं।

हुसैन की हत्या के बाद हालांकि डोडा और उससे सटे किश्तवाड़ जिलों में विरोध-प्रदर्शन और बंद का माहौल बन गया, क्योंकि लोगों ने उनकी हत्या की परिस्थितियों की जांच की मांग की।

हुसैन के परिवार में गर्भवती पत्नी, मां और एक नाबालिग बच्चा है। उनके पिता मोहम्मद इक़बाल एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) थे, जिनकी मार्च 1999 में आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी।

भदेरवाह के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि डोडा के उपायुक्त कृष्ण लाल ने इस घटना की मजिस्ट्रेट से जांच कराने का आदेश दिया है, जबकि डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिक श्रोत्रिय ने घटना की जांच के लिए पांच सदस्यों वाली एसआईटी बनाई है।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप