नारायाणा में युवक की हत्या के मामले में एक व्यक्ति और उसके दो बेटे गिरफ्तार

नारायाणा में युवक की हत्या के मामले में एक व्यक्ति और उसके दो बेटे गिरफ्तार

नारायाणा में युवक की हत्या के मामले में एक व्यक्ति और उसके दो बेटे गिरफ्तार
Modified Date: September 22, 2026 / 05:12 pm IST
Published Date: September 22, 2026 5:12 pm IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) पश्चिम दिल्ली के नारायणा इलाके में 18 साल के एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार (45) और उसके दो बेटों अमन कुमार (22) तथा अनुराग (21) के रूप में हुई है। तीनों नारायणा गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि यह वारदात शनिवार रात हुई, जब सुमित की कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे आरोपी अमन कुमार और नरसिंह की मुलाकात उनके परिचित सुमित और उसके दोस्त अमन से हुई।

पुलिस ने बताया कि बातचीत के दौरान अमन ने मजाक में नरसिंह से उसे ‘पापा’ कहने के लिए कहा।

उसने बताया कि इसके बाद आरोपी अमन कुमार ने अमन को चाकू दिखाकर धमकाया, जिसका सुमित ने विरोध किया और दोनों के बीच बहस छिड़ गई।

पुलिस ने बताया कि इसी बीच दोनों का एक अन्य दोस्त सरगम भी मौके पर पहुंचा और झगड़ा रोकने की कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी अमन कुमार ने सुमित को कथित तौर पर चाकू मार दिया और बीच-बचाव के प्रयास में सरगम को भी मामूली चोट आई।

पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चाकू मारने के बाद आरोपी अमन कुमार ने अपने छोटे भाई अनुराग को मौके पर बुलाया, जिसने वहां पहुंचकर घायल सुमित को कथित तौर पर लात मारी और हमला किया।

अमन ने घटना की जानकारी सुमित के परिजन को दी। सुमित के माता-पिता मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वे सुमित को डीडीयू अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और दिल्ली तथा आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई।

पुलिस के मुताबिक, जांच में राजेश कुमार की संलिप्तता भी सामने आई, जिसने पीड़ित को कथित तौर पर धमकाया था और उसके पीछे डंडा लेकर भी भागा था।

पुलिस ने बताया कि राजेश पर आरोपियों को संरक्षण देने का भी आरोप है।

एक अधिकारी ने बताया कि तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार और उनके खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर नारायणा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि वारदात में शामिल सभी व्यक्ति एक-दूसरे को जानते थे और नारायणा गांव में रहते थे।

भाषा

नोमान नोमान पारुल

पारुल


लेखक के बारे में