केरल में बार में झड़प के बाद एक व्यक्ति ने कई अन्य को आग लगाई
केरल में बार में झड़प के बाद एक व्यक्ति ने कई अन्य को आग लगाई
तिरुवनंतपुरम, 20 जुलाई (भाषा) वेम्बायम के एक बार में हुई झड़प के बाद, एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कुछ लोगों पर पेट्रोल डालकर उन्हें आग लगा दी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और हमलावर समेत तीन लोग झुलस गए।
मृतक की पहचान वेम्बायम के पास थेक्काडा के रहने वाले नवास के तौर पर हुई है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार रात करीब 9.30 बजे हुई, जब अनीश बार में शराब पी रहा था और उसने दूसरे ग्राहकों से झगड़ा कर लिया।
पुलिस ने बताया कि झगड़े के बाद वह वहां से चला गया, लेकिन करीब 30 मिनट बाद पेट्रोल से भरी बोतल लेकर वापस लौटा।
आरोप है कि अनीश ने बार के अंदर मौजूद लोगों पर पेट्रोल डाल कर उन्हें आग लगा दी। भड़की आग ने बार के कुछ हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस के अनुसार 80 प्रतिशत से ज्यादा जल गए नवास की अस्पताल में मौत हो गई।
अनीश का शरीर 60 प्रतिशत से ज्यादा जल गया है और अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो अन्य लोग झुलस गए और उनका इलाज चल रहा है।
आग में बार का एक हिस्सा, जिसमें फर्नीचर भी शामिल था, जलकर खाक हो गया। बाद में अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
भाषा
प्रशांत अविनाश
अविनाश

Facebook


