तमिलनाडु की एक अदालत ने हिरासत में पिता-पुत्र की मौत को लेकर नौ पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड सुनाया

Ads

तमिलनाडु की एक अदालत ने हिरासत में पिता-पुत्र की मौत को लेकर नौ पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड सुनाया

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 08:45 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 08:45 PM IST

मदुरै (तमिलनाडु), छह अप्रैल (भाषा) मदुरै की एक अदालत ने तूतीकोरिन के सथानकुलम में हिरासत में क्रूर यातना देकर एक पिता-पुत्र की हत्या कर देने के जुर्म में सोमवार को नौ पुलिसकर्मियों को मौत की सजा सुनाई।

प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जी. मुथुकुमारन ने इसे दुर्लभतम मामला बताते हुए कहा कि जनता की रक्षा का जिम्मा संभालने वालों ने ऐसा अपराध किया है जिसने समाज की सामूहिक अंतरात्मा को झकझोर दिया है।

अदालत ने पी जयराज और उनके बेटे जे बेनिक्स की हत्या के लिए दोषी ठहराए गए सभी नौ पुलिस अधिकारियों को मौत की सजा सुनाई।

मृत्युदंड के अलावा, अदालत ने मुजरिमों पर 1.40 करोड़ रुपये का संयुक्त जुर्माना भी लगाया, जिसे पीड़ितों के परिवार को मुआवजे के रूप में भुगतान किया जाएगा।

यह त्रासदी जून 2020 में कोरोना वायरस लॉकडाउन के दौरान घटी, जब जयराज और बेनिक्स को कथित तौर पर निर्धारित समय से अधिक समय तक मोबाइल फोन की दुकान खुली रखने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। हिरासत में उनके साथ भीषण मारपीट की गई, जिसके परिणामस्वरूप कुछ दिनों बाद अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।

इस घटना पर भारी जनाक्रोश फैलने के बाद मद्रास उच्च न्यायालय ने इसका स्वत: संज्ञान लिया। इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने की।

भाषा

राजकुमार माधव

माधव