मध्यप्रदेश के पन्ना और कान्हा अभयारण्य में एक बाघ और शावक मृत मिले
मध्यप्रदेश के पन्ना और कान्हा अभयारण्य में एक बाघ और शावक मृत मिले
पन्ना/मंडला (मध्यप्रदेश), 22 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के दो बाघ अभयारण्यों में एक बाघ और एक नर शावक मृत पाए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग की एक टीम को मंगलवार को पन्ना टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में एक बाघ का सड़ा-गला शव मिला।
पीटीआर के क्षेत्र संचालक बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह गश्त के समय वनकर्मियों को वनमर्ग अभयारण्य के कक्ष क्रमांक 278 के अंतर्गत एक बाघ का लगभग 20 से 25 दिन पुराना सड़ा-गला शव मिला।’
उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर और हमारी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि शव के बुरी तरह सड़ जाने के कारण कारण प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता लगाना मुश्किल हो रहा है।
अधिकारी ने बताया कि वन्यजीव अपराधों की जांच में विशेषज्ञता रखने वाले विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की एक विशेष टीम को भी बाघ की मौत की गहन जांच के लिए बुलाया गया है।
उन्होंने बताया कि श्वान दस्ते और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘एसटीएफ टीम और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बाघ की मौत प्राकृतिक थी या यह किसी आपराधिक गतिविधि का नतीजा है। बाघ की पहचान (आईडी नंबर) की पुष्टि करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।’
इस बीच, मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व (केटीआर) में मंगलवार को सरही वन रेंज में एक नर बाघ शावक मृत पाया गया।
केटीआर के क्षेत्र संचालक रवींद्र मणि त्रिपाठी ने बताया कि मृत शावक के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं और पोस्टमार्टम से प्राकृतिक मौत का संकेत मिला है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल को सुरक्षित कर इलाके में तलाशी ली गई है।
वन अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के निकट एक बाघिन को उसके अन्य शावकों के साथ देखा गया था।
उल्लेखनीय है कि देश में बाघों की सबसे अधिक आबादी के कारण मध्यप्रदेश को अक्सर भारत का ‘टाइगर स्टेट’ कहा जाता है। राज्य में पन्ना, कान्हा, पेंच, सतपुड़ा और बांधवगढ़ सहित कई बाघ अभयारण्य हैं।
भाषा सं ब्रजेन्द्र
मनीषा
मनीषा

Facebook


