नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक शख्स को कथित रूप से चाकू से वार कर बुरी तरह से जख्मी कर दिये जाने के सिलसिले में उसकी पत्नी एवं एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि महिला ने अपने साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और बाद में पुलिस को झूठी कहानी सुनाकर गुमराह किया।
पुलिस ने बताया कि बलजीत नगर निवासी पीड़ित हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि डाक्टरों के अनुसार वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना 24 मार्च को आरएमएल अस्पताल से मिली, जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची। प्रारंभिक पूछताछ में पीड़ित की पत्नी लक्ष्मी ने बताया कि उसका पति खाना खरीदने के लिए बाहर गया था तभी पास के एक पार्क में दो-तीन अज्ञात लोगों ने उसपर हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक महिला के बयान के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
हालांकि, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने कथित अपराध स्थल और शिकायतकर्ता के आवास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिससे महिला के बयान में विसंगतियां सामने आईं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘कड़ाई से पूछताछ करने पर पता चला कि लक्ष्मी ने अपने साथी करण के साथ मिलकर घर के अंदर हमले की साजिश रची थी और बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी।’’
विशिष्ट सूचना के आधार पर, पुलिस ने 25 मार्च को शादीपुर फ्लाईओवर के पास से बलजीत नगर निवासी करण (22) को गिरफ्तार कर लिया। बाद में लक्ष्मी को भी इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान, करण ने खुलासा किया कि वह लक्ष्मी को पिछले दो-तीन वर्षों से जानता है ।
पुलिस ने बताया कि लक्ष्मी ने पीड़ित से शादी की थी, लेकिन बाद में वित्तीय और व्यक्तिगत विवादों के कारण उनके रिश्ते में खटास आ गई।
जांचकर्ताओं ने बताया कि लक्ष्मी ने अपने पति को जान से मारने की कथित तौर पर साजिश रची थी। घटना वाले दिन, उसने करण को अपने घर बुलाया, जहां दोनों के बीच कहासुनी हुई और करण ने पीड़ित पर कई बार चाकू से वार किया और फिर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद दोनों ने अपराध को छिपाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान राजकुमार
राजकुमार