जयपुर में जन्मदिन पार्टी कर रहे युवकों में झगड़ा, एक युवक की मौत
जयपुर में जन्मदिन पार्टी कर रहे युवकों में झगड़ा, एक युवक की मौत
जयपुर, 13 जुलाई (भाषा) जयपुर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान झगड़े में एक युवक की कथित तौर पर चाकू लगने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस घटना के सिलसिले में मुख्य आरोपी समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मृतक की पहचान धौलपुर जिले के अन्नू गुर्जर के तौर पर हुई है। रविवार देर रात मानसरोवर के आतिश मार्केट के एक क्लब में पार्टी के दौरान बहस के बाद उस पर कथित तौर पर रसोई में काम आने वाले चाकू से हमला किया गया।
मानसरोवर के थानाधिकारी लखन खटाना ने बताया कि अनुज गुर्जर ने आकाश गुर्जर, हनी गुर्जर और गजेंद्र गुर्जर समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर अन्नू गुर्जर पर कथित तौर पर हमला किया और उसे जानलेवा चोटें पहुंचाईं। पीड़ित को जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस कथित पार्टी में उम्रकैद की सजा काट रहे दो कैदी — कुलदीप गुर्जर उर्फ कुल्लू गुर्जर और राजेश गुर्जर — भी शामिल हुए थे। ये दोनों जयपुर आने से पहले भरतपुर खुली जेल से कथित तौर पर भाग गए थे।
दोनों अपराधी पार्टी करने जयपुर आए थे और उन्होंने अपने दोस्त अनुज गुर्जर और अन्य लोगों को पार्टी के लिए बुलाया था। पार्टी के दौरान अनुज गुर्जर और अन्नू गुर्जर के बीच झगड़ा हो गया जिसके बाद अनुज ने अपने साथियों के साथ मिलकर अन्नू को चाकू मार दिया।
अन्नू, कुलदीप का चचेरा भाई था। कुलदीप हत्या के दो मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहा है, जबकि राजेश दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है।
थानाधिकारी ने बताया कि हत्या के मामले में मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हत्या की वजह की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि खुली जेल से कथित तौर पर फरार होने को लेकर दो युवकों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।
भाषा पृथ्वी नरेश मनीषा
मनीषा

Facebook


