मणिपुर में आधार नामांकन की दर 87-88 प्रतिशत पर पहुंची : अधिकारी
मणिपुर में आधार नामांकन की दर 87-88 प्रतिशत पर पहुंची : अधिकारी
इंफाल, 30 जुलाई (भाषा) मणिपुर में आधार नामांकन की दर करीब 87-88 प्रतिशत तक पहुंच गई है, लेकिन पांच वर्ष तक के आयु वर्ग के बच्चों में यह दर अपेक्षाकृत कम है। राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मणिपुर के आयुक्त सह सचिव (गृह) एन. अशोक कुमार ने राज्य के पहले आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन करने के बाद यह जानकारी दी।
उन्होंने इंफाल में आधार सेवा केंद्र स्थापित करने को एक अहम उपलब्धि बताते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के गुवाहाटी क्षेत्रीय कार्यालय को इस पहले के लिए धन्यवाद किया।
कुमार ने कहा कि गृह विभाग पिछले कुछ वर्षों से इस प्रस्ताव पर काम कर रहा था और खुशी जताई कि यह पहल आखिरकार हकीकत बन गई है।
अधिकारी ने आधार को पहचान का एक अहम दस्तावेज बताते हुए कहा कि राज्य सरकार, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अस्पतालों और यूआईडीएआई के साथ मिलकर 0-5 साल की उम्र के बच्चों में नामांकन दर को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हाल ही में शुरू हुए आधार सेवा केंद्र का पूरा लाभ प्राप्त करें और साथ ही राज्य भर में उपायुक्तों के कार्यालयों और दूसरे अधिकृत नामांकन केंद्रों के जरिए आधार से जुड़ी सेवाएं प्राप्त करें।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


