गुजरात: महिला ने प्रेमी के संग मिल कर पति को सायनाइड दिया; फर्श के नीचे दफनाया शव
गुजरात: महिला ने प्रेमी के संग मिल कर पति को सायनाइड दिया; फर्श के नीचे दफनाया शव
जामनगर, 30 जुलाई (भाषा) गुजरात के जामनगर में फिल्म ‘दृश्यम’ की कहानी से मिलते-जुलते एक मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति का कंकाल बरामद किया। आशंका है कि दो साल से अधिक पहले उसकी पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी ने उसकी हत्या कर शव को एक औद्योगिक शेड के कंक्रीट के फर्श के नीचे दफना दिया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी अपने परिजनों से लगातार यह कहती रही कि उसका पति काम के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया चला गया है और उसके नियोक्ता द्वारा फोन करने की अनुमति नहीं होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पा रहा।
सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रतिभा ने बताया कि डारेड जीआईडीसी इलाके में एक शेड के फर्श के नीचे लगभग 12 फुट गहरे गड्ढे से जिग्नेश मावडिया के अवशेष बरामद किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि शव को दफनाने वाली जगह पर बनी लगभग एक फुट मोटी कंक्रीट की परत को तोड़ने के लिए उपकरण का इस्तेमाल करना पड़ा।
एएसपी ने पत्रकारों को बताया, ‘‘मृतक की पहचान के लिए शव के अवशेष फॉरेंसिक विशेषज्ञों को सौंप दिए गए हैं। पीड़ित की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और उनके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।’’
जिग्नेश के भाई अशोक मावडिया की शिकायत के आधार पर बी डिवीजन पुलिस ने जिग्नेश की पत्नी पृथ्वी उर्फ भूमिबेन, उसके कथित प्रेमी निलेश कछाटिया और उसके सहयोगी बलवीर वर्मा के खिलाफ हत्या, साक्ष्य नष्ट करने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार, प्रेम विवाह करने वाले और दो बेटियों के पिता जिग्नेश करीब दो वर्षों से अपने परिवार के संपर्क में नहीं थे। इस दौरान उनकी पत्नी यह दावा करती रही कि वह काम के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गए हैं जहां उनके नियोक्ता ने फोन पर बात करने की अनुमति नहीं दी है।
अधिकारी ने बताया कि यह कथित साजिश तब उजागर होने लगी, जब जिग्नेश का एक चचेरा भाई ऑस्ट्रेलिया जाने की योजना बना रहा था और वहां उससे मिलने के लिए उसका संपर्क नंबर और पता मांगने लगा।
प्रतिभा ने बताया कि बार-बार आग्रह करने के बावजूद जब पृथ्वी जिग्नेश का संपर्क नंबर और पता नहीं दे सकी, तो परिवार ने पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी दी।
इसके बाद जिग्नेश के भाई ने 26 जुलाई को सिटी ‘बी’ डिवीजन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आशंका जताई कि जिग्नेश के लापता होने के पीछे उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी का हाथ है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पृथ्वी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने निलेश कछाटिया और बलवीर वर्मा के साथ मिलकर जिग्नेश की शराब में सायनाइड मिलाकर उसकी हत्या कर दी थी।
जांच के अनुसार, 31 मई 2024 की रात आरोपियों ने जिग्नेश को शराब पार्टी का झांसा देकर जामनगर के दरेड़ जीआईडीसी क्षेत्र स्थित एक औद्योगिक शेड में कथित तौर पर बुलाया था।
एएसपी ने बताया, ‘‘शराब में सायनाइड मिलाकर पिलाने के बाद जिग्नेश की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 12 फुट गहरा गड्ढा खोदकर शव को उसमें दफना दिया, ऊपर मिट्टी डाल दी और बाद में उस स्थान को करीब एक फुट मोटी कंक्रीट की परत से ढक दिया।’’
उन्होंने बताया कि आरोपियों की मौजूदगी में खुदाई के बाद कंकाल बरामद किया गया जो जिग्नेश का हो सकता है। उन्होंने बताया कि मामले में घटनाक्रम की पूरी कड़ी स्थापित करने और अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए जांच जारी है।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


