पंजाब कांग्रेस की हालिया बैठकों के बाद पार्टी की अंतर्कलह उजागर हुई : आम आदमी पार्टी
पंजाब कांग्रेस की हालिया बैठकों के बाद पार्टी की अंतर्कलह उजागर हुई : आम आदमी पार्टी
चंडीगढ़, 11 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई ने कांग्रेस की हालिया संगठनात्मक बैठकों को लेकर शनिवार को उस पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एक सप्ताह तक चला ‘‘राजनीतिक नाटक’’ बिना किसी फैसले के खत्म हो गया और इससे पार्टी की अंदरूनी कलह सामने आ गई।
‘आप’ की पंजाब इकाई के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने एक वीडियो बयान में कहा कि कांग्रेस अपने आंतरिक मामलों को जैसे चाहे संभाले, लेकिन पिछले कई दिन से उसकी बैठकों और नेतृत्व को लेकर अटकलों का दौर चल रहा था।
पन्नू ने आरोप लगाया कि कई दौर की चर्चा और वरिष्ठ नेताओं की बैठकों के बावजूद कांग्रेस नेतृत्व किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सका। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी में गहरे मतभेद साफ दिखाई देते हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए पन्नू ने कहा कि ऐसा लगा जैसे वह पंजाब ‘‘छुट्टियां मनाने’’ आए थे। उन्होंने कई दिन बैठकें कीं, फिर बिना किसी नतीजे के लौट गए।
पन्नू ने व्यंग्य करते हुए यह भी कहा कि उन्हें मजाक में बताया गया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के पंजाब लौटते ही बघेल दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
पन्नू ने आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस अंदरूनी लड़ाई और खींचतान में उलझी हुई है, वहीं मान सरकार सुशासन और जनता के कल्याण पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को ध्यान से देख रही है और वह खुद तय करेगी कि राज्य की सेवा के लिए कौन-सी पार्टी वास्तव में प्रतिबद्ध है।
भाषा जोहेब शफीक
शफीक

Facebook


