गुरुग्राम: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, मुठभेड़ में मारे गए शूटरों को बेहद नजदीक से मारी गई गोली
गुरुग्राम: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, मुठभेड़ में मारे गए शूटरों को बेहद नजदीक से मारी गई गोली
गुरुग्राम, 11 जुलाई (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार रात हुई मुठभेड़ में मारे गए दीपक नंदल गिरोह से कथित तौर पर जुड़े चार संदिग्ध शूटरों के पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि उन्हें कुल 21 गोलियां लगीं और वे शरीर को पार कर निकल गईं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शरीर के अंदर कोई भी गोली फंसी हुई नहीं मिली।
अधिकारियों के अनुसार, इससे संकेत मिलता है कि गोलियां बहुत नजदीक से चलाई गई थीं।
उन्होंने बताया कि सभी मृतकों के गले, सीने और पेट में गोलियां लगी थीं।
इस मुठभेड़ का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कुछ लोग अत्याधुनिक हथियारों के साथ सड़कों पर घूमते दिखाई दे रहे हैं।
यह वीडियो क्लिप सुशांत लोक इलाके के निवासियों ने रिकॉर्ड की है, जहां मुठभेड़ हुई थी।
वीडियो में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी कथित रूप से दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए चार लोगों की पहचान रोहतक के बलोठ गांव के रहने वाले अंकित, नितिन और आर्यन तथा फतेहाबाद के रहने वाले दीपा उर्फ संदीप के रूप में हुई है।
पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों के अनुसार, दीपा को चार गोलियां लगी थीं जबकि आर्यन और नितिन के शरीर पर पांच-पांच गोलियों के निशान मिले तथा अंकित के शरीर पर सबसे अधिक गोलियों के घाव थे।
चिकित्सकों ने बताया कि उसके शरीर पर सात गोलियां लगने के निशान पाए गए।
पोस्टमार्टम में पता चला कि सभी गोलियां शरीर को पार कर निकल गई थीं और एक भी गोली शरीर के अंदर फंसी हुई नहीं मिली।
चिकित्सकों के अनुसार, इससे संकेत मिलता है कि गोलियां बहुत नजदीक से चलाई गई थीं।
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार देर शाम चारों शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। मुठभेड़ में घायल हुए आरोपियों में से एक शिवम और तीन पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज जारी है।
उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शिवम को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और उससे लगातार पूछताछ की जाएगी। गैंगस्टर दीपक नंदल से कथित संबंध रखने वाले पांच संदिग्ध शूटर शुक्रवार रात गुरुग्राम के सुषांत लोक ए-ब्लॉक में हुई पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए थे, जिनमें से चार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों के बीच 60 से ज्यादा गोलियां चलीं।
पुलिस ने पांच अत्याधुनिक पिस्तौल, 50 से ज्यादा खोखे, गोलियां और आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई एक काली स्कॉर्पियो बरामद की।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव

Facebook


