नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने कथित साइकिल घोटाले की जांच की मांग को लेकर सोमवार को दिल्ली सचिवालय के पास विरोध प्रदर्शन किया।
आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया और मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए।
भारद्वाज ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री इस मामले पर पूरी तरह चुप हैं। सरकार 6,957 रुपये में साइकिल थोक दर पर खरीद रही है, जबकि हमने इसे खुदरा दर पर 4,200 रुपये में खरीदा। वे जो साइकिल खरीद रहे हैं, वे अच्छी गुणवत्ता की नहीं हैं। उनके ब्रेक, टायर, रिम और पैडल नकली हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में न तो कोई जांच के आदेश दिए गए हैं और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘या तो मुख्यमंत्री कमजोर और अक्षम हैं, इसलिए वह मंत्री आशीष सूद से कोई सवाल नहीं पूछ रही हैं। न कोई जांच हो रही है और न ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।’’
इससे पहले आप ने कथित घोटाले के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास के बाहर भी प्रदर्शन किया था।
भाषा
मनीषा वैभव
वैभव