आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के धरने पर साधा निशाना

Ads

आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के धरने पर साधा निशाना

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 08:05 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 08:05 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) कॉजपा के विरोध-प्रदर्शन का खुलकर समर्थन कर रही आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर कांग्रेस के धरने पर तंज कसते हुए इसे भाजपा नीत सरकार के साथ ‘‘जुगलबंदी’’ करार दिया और राहुल गांधी पर आंदोलन को ‘‘कमजोर’’ करने का आरोप लगाया।

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देने की ‘‘इजाजत’ कैसे मिल गई, जबकि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के समर्थकों से उनके महीने भर से जारी प्रदर्शन के बावजूद बात करने से इनकार कर दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह कमाल की बात है। कॉजपा और सोनम वांगचुक: जंतर-मंतर पर एक महीने से विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। मोदी सरकार उनसे बात करने से इनकार कर रही है।’’

आतिशी ने पोस्ट में कहा, ‘‘राहुल गांधी: प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी गई। एक घंटे में, मोदी सरकार ने बातचीत शुरू की। वाह। क्या जुगलबंदी है।’’

आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने राहुल गांधी पर आंदोलन को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि कॉजपा के प्रदर्शन को कमजोर करने के लिए, मोदी ने राहुल गांधी से अपने ही आवास पर विरोध-प्रदर्शन करवाया।’’

आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने भी कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता आंदोलन पर चुप हैं, जबकि उनके सोशल मीडिया हैंडल और उनसे जुड़े इन्फ्लुएंसर कॉजपा के प्रदर्शन को ‘‘कमजोर’’ करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस के शीर्ष नेता ‘जेन-जेड’ आंदोलन पर चुप हैं, लेकिन उनके सोशल मीडिया और उनसे जुड़े इन्फ्लुएंसर पहले दिन से ही कॉकरोच आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

‘जेन जेड’ उस पीढ़ी को कहा जाता है जो 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई है।

इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना दिया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग की।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप