नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 के आयोजकों ने बताया कि अभिनेता-फिल्म निर्माता आमिर खान और निर्देशक आरएस प्रसन्ना अपनी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ की विशेष स्क्रीनिंग के बाद बच्चों से बातचीत करेंगे।
यह सत्र 26 मार्च को दोपहर एक बजे भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा और इसका उद्देश्य युवा दर्शकों को लक्षित करना है, ताकि उन्हें स्क्रीनिंग के बाद निर्माताओं के साथ सीधे बातचीत करने का अवसर मिल सके।
आयोजकों के अनुसार, इस संवाद को आईएफएफडी 2026 के प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रमों में से एक के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां बच्चे फिल्म निर्माताओं से प्रश्न पूछ सकते हैं और अपने विचार साझा कर सकते हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाला यह महोत्सव 25 से 31 मार्च तक प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा, जिसकी स्क्रीनिंग पीवीआर आईनोएक्स द्वारा संचालित मल्टीप्लेक्सों में निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में 47 देशों की 130 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी। इनका चयन 101 देशों से प्राप्त 2,000 से अधिक प्रविष्टियों में से किया गया है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश