नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने असम राइफल्स के जवानों की हत्या के मामले में बुधवार को प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के तीन सदस्यों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सितंबर 2025 में पूर्वोत्तर राज्य के बिष्णुपुर क्षेत्र के नम्बोल सबल लीकाई में 33 असम राइफल्स के ट्रक पर हमला हुआ था। इस हमले में दो जवानों की मौत हो गई थी और पांच घायल हुए।
अधिकारियों ने कहा कि तीनों आरोपियों की पहचान थोंग्राम सदानंद सिंह उर्फ नगाचिक, खुंडोंगबाम ओजी मेइती उर्फ केइलाल और इरेंगबाम जुगिन्द्र मेइती उर्फ जुगिन के रूप में की गई है।
उन्होंने बताया कि ये सभी मणिपुर के निवासी हैं, जिन्हें पहले कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपपत्र इंफाल स्थित विशेष एनआईए अदालत में दाखिल किया गया है।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश