आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर शिरसाट का तंज; कहा- ‘बन सकते हैं लव जिहाद के ब्रांड एंबेसडर’

Ads

आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर शिरसाट का तंज; कहा- 'बन सकते हैं लव जिहाद के ब्रांड एंबेसडर'

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 06:18 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 06:18 PM IST

छत्रपति संभाजीनगर, 13 जुलाई (भाषा) शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने तीसरी शादी को लेकर आमिर खान पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि बॉलीवुड अभिनेता ‘‘लव जिहाद’’ के ब्रांड एंबेसडर हो सकते हैं।

शिरसाट महाराष्ट्र के दूसरे मंत्री हैं, जिन्होंने तीसरी शादी के मुद्दे पर आमिर खान पर निशाना साधा है। उनसे पहले भाजपा के उनके सहयोगी नितेश राणे ने बॉलीवुड अभिनेता की आलोचना की थी।

शिरसाट ने यह भी कहा कि भले ही खान एक बड़े स्टार हों, लेकिन तीन बार शादी करने की वजह से वह लोगों के दिलों पर राज नहीं कर सकते।

उन्होंने भाजपा नेता और राज्य मंत्री नितेश राणे की बात का भी समर्थन किया, जिन्होंने कहा था कि जब मशहूर हस्तियां अपनी निजी ज़िंदगी में ऐसे फ़ैसले लेती हैं, तो हिंदू समाज को इस पर सोचना चाहिए।

राणे ने सवाल उठाया था कि क्या खान की हालिया शादी को ‘‘लव जिहाद’’ के उदाहरण के तौर पर देखा जाना चाहिए।

शिरसाट ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नितेश राणे कुछ हद तक सही हैं। जब लोग एक कलाकार के तौर पर आपका (आमिर खान) अनुसरण करते हैं, तो उन्हें लगता है कि आप एक बड़े ‘स्टार’ हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई ‘स्टार’ ऐसा काम करे और एक-दो बार नहीं, बल्कि तीन बार शादी करे, तो लोग उससे क्या सीखेंगे? वह ‘लव जिहाद’ का ब्रांड एंबेसडर तो बन सकता है, लेकिन आम लोगों के दिलों में जगह नहीं बना सकता।’’

खान ने पांच जुलाई को मुंबई के बांद्रा में पाली हिल स्थित अपने घर पर गौरी स्प्राट से एक निजी समारोह में शादी की। अभिनेता ने पहली शादी रीना दत्ता से की थी जो 1986 से 2002 तक चली। इसके बाद उन्होंने दूसरी शादी फिल्मकार किरण राव से की, जो 2005 से 2021 तक चली।

भाषा

नेत्रपाल दिलीप

दिलीप