आप ने दिल्ली सरकार पर 22,000 करोड़ रुपये की चावल घोटाला साजिश का आरोप लगाया

Ads

आप ने दिल्ली सरकार पर 22,000 करोड़ रुपये की चावल घोटाला साजिश का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 05:10 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 05:10 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रविवार को दिल्ली की भाजपा नीत सरकार पर सब्सिडी वाले चावल की खरीद और बिक्री में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित व्यवस्था से तीन साल में 22,000 करोड़ रुपये का घोटाला होने की आशंका है।

भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रेखा गुप्ता सरकार और असम की एक कंपनी ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) से राष्ट्रीय राजधानी में गरीबों और जरूरतमंदों को बांटने के लिए सब्सिडी वाला चावल उपलब्ध कराने का औपचारिक अनुरोध किया था।

उन्होंने दावा किया कि इस व्यवस्था के तहत हर सप्ताह करीब 31,000 मीट्रिक टन चावल मांगा गया था, लेकिन यह लक्षित लाभार्थियों तक नहीं पहुंचा और बाद में इसे हरियाणा की एक निजी कंपनी को बेच दिया गया।

भारद्वाज ने आरोप लगाया, ‘करीब 23.20 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्राप्त किए गए चावल को कथित तौर पर खुले बाजार में 46 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जा रहा था। इससे प्रति किलोग्राम करीब 23 रुपये का कमीशन बनता है, जो हर सप्ताह लगभग 143 करोड़ रुपये के घोटाले के बराबर है।’

उन्होंने दावा किया कि यह व्यवस्था तीन साल के लिए बनाई गई थी जिसमें करीब 22,000 करोड़ रुपये का लेन-देन शामिल था।

आप विधायक संजीव झा ने भी सब्सिडी वाले चावल की खरीद और बाद में उसकी बिक्री के तरीके पर सवाल उठाए।

आप नेताओं ने कहा कि वे इस मामले से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करेंगे और उन्होंने चावल की खरीद तथा वितरण को लेकर सरकार से स्पष्टीकरण मांगा।

हालांकि, भाजपा या एफसीआई की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश