सतीशन प्रदर्शन कर रहे पीएससी मेधा सूची के अभ्यर्थियों से बात करें : भाजपा

Ads

सतीशन प्रदर्शन कर रहे पीएससी मेधा सूची के अभ्यर्थियों से बात करें : भाजपा

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 05:20 PM IST

तिरुवंनतपुरम, नौ अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रविवार को मुख्यमंत्री वीडी सतीशन से अपील की कि वह पीएससी मेधा सूची में स्थान बनाने वाले अभ्यर्थियों से तत्काल बातचीत करें जो नियुक्ति की मांग को लेकर पिछले 38 दिनों से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।

अलग-अलग सरकारी नौकरियों के लिए केरल लोक सेवा आयोग (पीएससी)की मेधा सूची में स्थान बनाने वाले अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति में हो रही देरी के कारण तिरुवनंतपुरम में अनशन कर रहे हैं।

भाजपा ने हाल ही में प्रदर्शनकारियों को समर्थन दिया है और पूरे केरल में विरोध मार्च आयोजित किए हैं।

चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में कहा कि अभ्यर्थी पिछले 10 दिनों से अनशन कर रहे हैं। उन्होंने पत्र में आंदोलन के प्रति सरकार के कथित उपेक्षापूर्ण रवैये की आलोचना भी की।

उन्होंने कहा कि यह ‘शर्मनाक’ है कि जिन युवाओं ने कड़ी मेहनत की, परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं और केरल पीएससी की मेधा सूची में जगह बनाई, उन्हें अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ा।

चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों की जायज मांगों को सुनना और उनसे बातचीत करना लोकतांत्रिक सरकार की ज़िम्मेदारी है।’’

उन्होंने कहा कि केरल पीएससी जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता और पारदर्शिता को लेकर अभ्यर्थियों के मन में चिंताएं पैदा हुई हैं। उन्होंने सरकार से उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेने की अपील की।

चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार को विरोध कर रहे युवाओं को दबाने के बजाय उनकी मांगें सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कदम उठाने चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष ने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे अभ्यर्थियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई रोकने की भी मांग की।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वह विरोध कर रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाएं, उनकी मांगें सीधे सुनें और उनकी जायज़ शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करें।

भाषा धीरज संतोष

संतोष