हैदराबाद में मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, हैश ऑयल जब्त

Ads

हैदराबाद में मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, हैश ऑयल जब्त

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 05:29 PM IST

हैदराबाद, नौ अगस्त (भाषा) तेलंगाना की मादक पदार्थ रोधी इकाई ईगल ने मादक पदार्थों की कथित तस्करी के आरोप में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उसके पास से 2.5 लाख रुपये मूल्य का 330 ग्राम हैश ऑयल जब्त किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

इलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट (ईगल) की ओर से जारी बयान के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरोपी को शनिवार को विजयवाड़ा-हैदराबाद राजमार्ग पर आउटर रिंग रोड के पास एक बस से उतरने के बाद पकड़ा गया।

इसमें कहा गया है कि आरोपी आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले का रहने वाला है और यहां चालक के रूप में काम करता है। वह पहले भी गांजा बेचने के मामले में स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है और नवंबर 2025 में जमानत पर रिहा हुआ था।

अधिकारियों के अनुसार, जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी सोशल मीडिया मंच के माध्यम से ओडिशा के एक फरार मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता के संपर्क में आया और हैश ऑयल खरीदकर ग्राहकों को बेचने लगा। वह 10 मिलीलीटर हैश ऑयल को 1,200 रुपये में बेचता था। अब तक एलबी नगर और आसपास के इलाकों में उसके 10 ग्राहकों की पहचान की गई है।

उन्होंने बताया कि आरोपी दो अगस्त को ओडिशा के पाडुवा गया था और वहां से आपूर्तिकर्ता से 200 मिलीलीटर (330 ग्राम) हैश ऑयल खरीदा। इसके बाद वह सात अगस्त को विशाखापत्तनम पहुंचा और फिर हैदराबाद आया, जहां ईगल बल ने उसे पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि इस मामले में अब्दुल्लापुरमेट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश