आप पार्षदों ने एमसीडी पीठासीन अधिकारी को लिखा पत्र, ‘एल्डरमैन’ को मतदान से रोकने की मांग

Ads

आप पार्षदों ने एमसीडी पीठासीन अधिकारी को लिखा पत्र, ‘एल्डरमैन’ को मतदान से रोकने की मांग

  •  
  • Publish Date - February 5, 2023 / 10:17 PM IST,
    Updated On - February 5, 2023 / 10:17 PM IST

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों ने रविवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पीठासीन अधिकारी को पत्र लिखकर छह फरवरी को मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के लिए होने वाले चुनाव में ‘एल्डरमैन’ को मतदान करने से रोकने की मांग की। आप पार्षदों ने कहा कि यदि ‘एल्डरमैन’ को चुनाव में मतदान करने दिया गया, तो यह दिल्ली के लोगों का अपमान होगा।

आप के 134 पार्षदों ने कहा कि मनोनीत सदस्य संविधान और डीएमसी अधिनियम के अनुसार मतदान नहीं कर सकते।

पिछले दो प्रयासों में मतदान की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने के बाद दिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक दिल्ली के मेयर का चुनाव कराने के लिए सोमवार को होने वाली है।

पत्र के अनुसार, पार्षदों ने चुनाव से पहले भाजपा के आचरण को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है, जो ‘‘इस कवायद को प्रभावित करने और हेरफेर करने का इरादा रखती प्रतीत होती है।’’

पत्र में कहा गया है, ‘‘इसलिए, हम आपसे विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं कि किसी भी परिस्थिति में मनोनीत सदस्यों (एल्डरमैन) को महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति के चुनाव में मतदान करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप