कॉजपा प्रदर्शनकारियों से ‘हिंसा’, ‘दुर्व्यवहार’ को लेकर आप ने दिल्ली पुलिस पर कार्रवाई की मांग की
कॉजपा प्रदर्शनकारियों से ‘हिंसा’, ‘दुर्व्यवहार’ को लेकर आप ने दिल्ली पुलिस पर कार्रवाई की मांग की
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को आरोप लगाया कि सोमवार को कॉजपा के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा हिंसक कार्रवाई और दुर्व्यवहार के कई वीडियो सामने आने के बावजूद केंद्र सरकार ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई शुरू नहीं की है।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो मौजूद हैं, जिनमें पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी भी छात्रों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिनकी पहचान महिला प्रदर्शनकारियों के कथित यौन उत्पीड़न में शामिल लोगों के रूप में की गई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उन सभी की पहचान कर ली गई है, लेकिन सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। दिल्ली पुलिस को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।’’
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद सोमवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अन्य मांगों को लेकर कॉजपा के नेतृत्व में हजारों प्रदर्शनकारी ‘संसद चलो’ मार्च के लिए जंतर-मंतर पर एकत्र हुए थे।
मानसून सत्र के पहले दिन जब प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ी और उन्होंने संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया, तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक तौर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग या हिंसा की घटनाओं से इनकार किया है।
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मीडिया के कुछ हिस्सों ने जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस द्वारा हिंसा या हिरासत में लिए जाने की छिटपुट घटनाओं का उल्लेख किया है। यह स्पष्ट किया जाता है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई और प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से संभाला जा रहा है। सभी से अनुरोध है कि वे किसी भी अफवाह या गलत सूचना पर ध्यान न दें तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें।’’
पुलिस ने सोमवार को कथित हिंसा, तोड़फोड़ और अन्य घटनाओं के संबंध में छह प्राथमिकी दर्ज की हैं।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


