आप ने सफलतापूर्वक ‘अग्निपरीक्षा’ पार की : केजरीवाल
आप ने सफलतापूर्वक ‘अग्निपरीक्षा’ पार की : केजरीवाल
पणजी, 17 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में अदालत द्वारा उन्हें और 22 अन्य लोगों को आरोप मुक्त किए जाने के साथ ही ‘अग्निपरीक्षा’ सफलतापूर्वक पार कर ली है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अदालती सुनवाई का संदर्भ देते हुए कहा कि यह ‘‘आसान नहीं था’’ क्योंकि ‘‘हर कदम पर कठिनाइयां थीं’’।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव कराने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर ऐसा हुआ तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 10 सीट भी नहीं जीत पाएगी जबकि आप 60 से अधिक सीट हासिल करेगी।
दिल्ली की एक सुनवाई अदालत ने 27 फरवरी को आबकारी नीति मामले में केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य को आरोप मुक्त कर दिया और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को फटकार लगाते हुए कहा कि उसका मामला न्यायिक समीक्षा में पूरी तरह से खरा नहीं उतरा है और पूरी तरह से निराधार प्रतीत होता है।
अदालत ने फैसले में कहा कि कथित साजिश का मामला अनुमान और अटकलों पर आधारित एक काल्पनिक कहानी प्रतीत होती है, जिसमें किसी भी प्रकार के मान्य साक्ष्य का अभाव है, और इसलिए, किसी भी कानूनी रूप से मान्य सामग्री के अभाव में आरोपी को पूर्ण आपराधिक मुकदमे की कठिनाइयों का सामना करने के लिए मजबूर करना न्याय के उद्देश्यों की पूर्ति नहीं करता है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कुछ लोग पूछ रहे थे कि केजरीवाल पिछले एक साल से चुप क्यों हैं। कुछ नेताओं की मोटी चमड़ी होती है। लेकिन मैं आप जैसा ही आम आदमी हूं। अगर कोई केजरीवाल को बेईमान कहता है तो मुझे बुरा लगता है। मैंने फैसला किया था कि अदालत का फैसला आने तक मैं चुप रहूंगा।’’
केजरीवाल ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने हमारे पांच नेताओं को जेल में डाल दिया और दिल्ली की सत्ता हथिया ली। आज मैं प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देता हूं कि वे अभी चुनाव कराएं और आप देखेंगे कि भाजपा को 10 सीट भी नहीं मिलेंगी, जबकि आम आदमी पार्टी 60 से अधिक सीट पर विजयी होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने ‘अग्निपरीक्षा’ सफलतापूर्वक पार कर ली है।
आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ‘‘यह आसान नहीं था। हर कदम पर मुश्किलें थीं। हमने सबसे कठिन परिस्थितियों का सामना किया… जब भगवान राम, रावण को हराकर अयोध्या लौटे, तब सीता माता को भी अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ा।’’
केजरीवाल ने कहा कि आप एक ईमानदार पार्टी है, लेकिन झूठे आरोपों का सामना करने के बाद उसे अक्सर अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ा है।
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने आप के नेताओं पर आबकारी नीति मामले में संलिप्त होने का आरोप लगाया।
आप नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने (भाजपा ने) आरोप लगाया कि हमने 100 करोड़ रुपये का गबन किया। उन्होंने हमें भ्रष्ट, चोर के रूप में पेश करने की कोशिश की… भाजपा ने लोगों के मन में आप के खिलाफ संदेह पैदा करने की कोशिश की।’’
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


