चंडीगढ़, 10 अगस्त (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल खुद को ‘कट्टर ईमानदार’ बताता है, लेकिन पार्टी ने चुनाव के दौरान पंजाब की जनता से झूठे वादे किए और सत्ता में आने के बाद उन्हें धोखा दिया।
सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वह पंजाब की जनता से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय हरियाणा की चिंता करने में अधिक व्यस्त हैं।
सैनी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब की जनता से कई बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज राज्य की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।’’
उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव कुछ ही महीने दूर हैं और ऐसे में लोगों को एक बार फिर नए वादों और घोषणाओं के जरिये गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
सैनी ने कहा कि ‘आप’ ने अपनी राजनीति ‘कट्टर ईमानदार’ पार्टी की छवि के इर्द-गिर्द खड़ी की थी, लेकिन पंजाब की मौजूदा स्थिति पार्टी के इस दावे पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी खुद को कट्टर ईमानदार कहती थी, लेकिन आज पंजाब की हालत देखकर समझ नहीं आता कि यह कैसी ईमानदारी है।’’
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब की जनता को पहले कांग्रेस के शासन में शोषण का सामना करना पड़ा और आम आदमी पार्टी के शासन में उनकी स्थिति और खराब हो गई।
सैनी ने कहा कि अब पंजाब के मुख्यमंत्री सार्वजनिक मंचों से महिलाओं को एक-दो महीने की वित्तीय सहायता देने की बात करते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर महिलाओं को लाभ देने की मंशा थी तो उन्हें पहले ही साल से यह लाभ क्यों नहीं दिया गया?’’
मुख्यमंत्री ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान ‘आप’ द्वारा महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने के वादे का जिक्र करते हुए यह बात कही।
सैनी ने कहा, ‘‘अब पंजाब विधानसभा चुनाव में कुछ ही महीने बचे हैं। अगर वे अपने वादे को लेकर गंभीर होते तो यह सहायता शुरुआत से ही देते, लेकिन वे झूठे वादे करके वोट हासिल करते हैं और बाद में लोगों को धोखा देते हैं। इसके बावजूद खुद को ‘कट्टर ईमानदार’ कहते हैं।’’
सैनी ने भगवंत मान द्वारा हरियाणा में प्रश्नपत्र लीक गिरोह के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘अगर पंजाब के मुख्यमंत्री को वास्तव में लगता है कि भिवानी में प्रश्नपत्र लीक गिरोह सक्रिय है तो पंजाब सरकार को अपनी पुलिस भेजकर कार्रवाई करवानी चाहिए।’’
सैनी ने कहा कि तथ्यों के बिना आरोप लगाना और बिना सबूत के राजनीतिक बयान देना न तो उचित है और न ही जिम्मेदाराना।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश