श्रीनगर, 21 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश सरकार पर जनता के लोगों के मुद्दों से जुड़े भाजपा के सवालों से बचने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
विधानसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने कहा कि भाजपा एनएचएम, आशा आंगनवाड़ी और ‘कैम्पा’ कार्यकर्ताओं, ‘जीआरएस’ और तकनीकी सहायकों से जुड़े सवाल पूछकर एक प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा, “आउटसोर्सिंग के कारण लोग परेशान हैं और वे जवाब मांग रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी, इन पीड़ित वर्गों की आवाज बनते हुए, आज सरकार से जवाब मांग रही है। उमर अब्दुल्ला भागना चाहते हैं; सरकार लोगों के मुद्दों से भागना चाहती है।”
दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि दिए जाने के तुरंत बाद, शरदकालीन सत्र के पहले दिन भाजपा विधायकों ने सदन की कार्यवाही में बाधा डाली। हाथों में पोस्टर लिए, विपक्षी विधायकों ने शुरुआत में अपनी-अपनी सीट से विरोध जताया, लेकिन बाद में इन मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए सदन के बीचों-बीच आ गए।
वे पूरे प्रश्नकाल के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और विधानसभा अध्यक्ष ने शोर-शराबे के बीच ही कार्यवाही संचालित की।
इस बीच, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि शरदकालीन सत्र जनता की समस्याओं पर सार्थक चर्चा का एक अवसर है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जम्मू-कश्मीर विधानसभा का शरदकालीन सत्र आज श्रीनगर में शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह सत्र लोगों के कल्याण और आकांक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर सार्थक बहस, रचनात्मक विचार-विमर्श और चर्चा का अवसर प्रदान करेगा।”
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश